पड़ाव। क्षेत्र के रतनपुर-डोमरी मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की वजह से बच्चों को स्कूल जाना कठिन हो गया है। सीवर जाम होने से बरसात में गलियों का सीवर सड़क पर आ गया है। जिसके बदबू और गंदगी से कोई पैदल आना-जाना नहीं चाहता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व आदर्श गांव रहे डोमरी जाने का मुख्य मार्ग पिछले छह महीने से बदहाल हो चुका है। रतनपुर-डोमरी मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। वहीं गांव में सीवर जाम होने की वजह से सीवर का पूरा गंदा पानी सड़क पर ही जमा होता है। बरसात में स्थिति और खराब हो गई है। सड़क पर सीवर का गंदा पानी जमा हो गया है जिससे बदबू भी आ रही है। इस मार्ग से होकर दर्जनों निजी और सरकारी विद्यालयों के बच्चे पढ़ने जाते हैं। विद्यालयों में जो बच्चे पैदल जाते हैं उनको इससे काफी परेेशानी हो रही है। लोगों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है पर कोई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।