स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों चोरों का हौसला बुलंद है। विगत 21 अक्टूबर को कस्बा स्थित सघन तिराहा पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर इटवा गांव स्थित एक मकान का दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने आलमारी में रखी पांच हजार नगदी सहित तीन लाख से अधिक के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी कोतवाली पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के बरईपुर त्रिपाठी गांव निवासी जयश्री चौहान का इटवा सकलडीहा चहनिया मार्ग पर निजी मकान है। 21 अक्टूबर को मकान का दरवाजा तोड कर घुसे चोरों ने दूसरे तल पर के एक कमरे में रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर पांच हजार नगदी सहित करीब तीन लाख के आभूषण गायब कर दिए। घटना को लेकर पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर चोरी की लिखित तहरीर दी थी। बावजूद इसके चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ नहीं पाई है। इस संबंध में कस्बा प्रभारी भूपेश चंद्र कुशवाहा ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।