पीडीडीयू नगर। देश के तीन बाल यीशु तीर्थ में शामिल यूरोपियन कालोनी स्थित बाल यीशु चर्च का महापर्व के क्रम में चंगाई प्रार्थना की शुरुआत मंगलवार को हुई। चर्च से 28 नवंबर को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारी भी पूरी हो गई है। शोभा यात्रा में देश के कोने कोने से मसीही समाज के लोग शामिल होंगे। विभिन्न राज्यों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू भी हो गया है। देश के नासिक, बेंगलुरु के अलावा पीडीडीयू नगर के यूरोपियन कालोनी में प्राचीन बाल यीशु तीर्थ है।
पीडीडीयू नगर में पिछले 32 वर्षों से प्रभु यीशु के आगमन के चार सप्ताह पूर्व आगमन की तैयारी के मद्देनजर तीन दिवसीय चंगाई व नोविना प्रार्थना सभा होती है और रविवार को शांति शोभा यात्रा निकाली जाती है। लेकिन इस वर्ष कोरोना को देखते हुए छह दिवसीय चंगाई व नोविना प्रार्थना सभा आयोजित है जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा हो। इस वर्ष 28 नवंबर को शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए मंगलवार से चंगाई व नोविना प्रार्थना की शुरुआत हो गई। नगर के अलावा नासिक से आए भक्तों ने प्रार्थना में भाग लिया। बाल यीशु तीर्थ के पल्ली पुरोहित एवं निदेशक फादर विपिन सीजे ने बताया कि 28 नवंबर के महापर्व में वाराणसी धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष फादर विसप यूजीस जोसेफ द्वारा मिस्सा बलिदान एवं आशीष दिया जाएगा। शोभायात्रा में महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, उड़ीसा, गोवा, कोलकाता, दिल्ली सहित देश के विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या में मसीही समाज के अनुयायिओं के पहुंचने की संभावना है। शोभा यात्रा से पूर्व प्रत्येक दिन शाम पांच बजे से सात बजे तक चंगाई व नोनिवा प्रार्थना होगी। इसमें शारीरिक, मानसिक रूप से चंगा होने आर्थिक परिवर्तन के लिए प्रार्थना की जाएगी।