पड़ाव। पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के जलीलपुर और मढिया गांव की सरहद के रास्ते पर कुछ मनबढ़ों ने कब्जा कर लिया था। क्षेत्रीय लोगों ने कब्जा किए जाने कि सूचना मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ उच्चाधिकारियों को दी थी। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार के दोपहर तहसीलदार आनंद कुमार के नेतृत्व में राजस्वकर्मियों ने नाप की।
पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के मढिया गांव निवासी सुंदरलाल चौहान ने दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री पोर्टल, कमिश्नर व डीएम कार्यालयों में जलीलपुर व मढिया गांव के सरहद के रास्ते को आसपास के क्षेत्रीय लोगों द्वारा अवैध रुप से कब्जा किए जाने की शिकायत की थी। साथ ही कब्जा खाली कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसके पूर्व भी कई बार इस सरहद वाले रास्ते की नाप उच्चाधिकारियों ने कराई पर रास्ता खाली नहीं हो सका था। इसके बाद सुंदरलाल चौहान ने अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में एकबार फिर एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर रास्ता खाली कराने का आग्रह किया था। एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार आनंद कुमार ने शनिवार दोपहर राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर नाप कराई। इस संबंध में एसडीएम राम्या आर ने बताया कि राजस्व टीम की ओर से विवादित रास्ते की जांच कर अगली कर्रवाई की जाएगी। इस मौके पर कानूगो मनीष सिंह, दिनेश सिंह, शैलेंद्र शंकर सिंह, चंदन कुमार, आशीष मौर्य, सलमान खान सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।