इलिया। चकिया कोतवाली अंतर्गत सैदूपुर बाजार स्थित स्वर्ण आभूषणों की दो दुकानों को बुधवार की रात चोरों ने एक साथ निशाना बनाते हुए लगभग दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। खटपट की आवाज से मकान स्वामी व उनके पड़ोसी की नींद खुल गई। इस दौरान चोर हवा में फायरिंग कर मौके से फरार हो गये। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी।
चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सैदूपुर कस्बा में दो भाइयों की प्रिया ज्वेलर्स तथा गोलू ज्वेलर्स नाम से दो दुकानें हैं। रोज की भांति बुधवार की शाम दोनों भाई अपनी-अपनी दुकान बंद कर घर चले गये। देर रात चोर गोलू सेठ की दुकान में लगे पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घुस गये। चोरों ने वहां से पचास हजार रुपये मूल्य के सोने, चांदी के जेवरात समेत नगदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोर बगल में रिंकू सेठ की प्रिया ज्वेलर्स की दुकान में घुस गये। चोरों ने वहां से भी आभूषण समेत अन्य सामान पर हाथ फेर दिया। इस दौरान खटपट की आवाज सुनकर मकान स्वामी धनंजय मौर्या और उनके पड़ोसी पप्पू जायसवाल की नींद खुल गई। दोनों लोग शोर मचाने लगे। इस दौरान चोर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची चकिया पुलिस मामले की जांच करने में लगी रही।