कंदवा। स्थानीय थाना के ओयरचक गांव में शनिवार की देर रात आग लगने से दो सगे भाइयों की तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। अगलगी की इस घटना में तीन बकरियों की झुलसने से मौत हो गई और एक गाय भी गंभीर रूप से झुलस गई। दादी को बचाने के प्रयास में सन्नी देओल (17) भी आंशिक रूप से झुलस गया। इस घटना में दो साइकिल सहित गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया है। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं।
ओयरचक गांव की दलित बस्ती में शनिवार की देर रात करीब डेढ़ बजे सुखराज राम की दो झोपड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। गहरी नींद में सोए लोगों को जब तक जानकारी हो पाती और वे किसी तरह बाहर निकल पाते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। घर के लोग पशुओं को बाहर निकालते तीन बकरियों की झुलसने से मौत हो गई। एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। इस दौरान छिटकी चिंगारी ने सुखराज के भाई अरुण की झोपड़ी में भी आग लग गई और घर गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी विकराल थी कि सब राख हो गया। घटना की सूचना पाकर ग्राम प्रधान जयशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को दी।
पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना के पटपरा गांव स्थिति शिवप्रकाश के टेलर्स की दुकान में शनिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखे हजारों रुपए के कपड़े सहित अन्य सामान जल कर नष्ट हो गए। क्षेत्र के सैदपुरा गांव निवासी शिव प्रकाश पिछले एक दशक से पटपरा गांव के पास कपड़े की सिलाई की दुकान संचालित करता है। शनिवार की रात आठ बजे वे दुकान बंद कर घर चला गया। पीड़ित ने बताया कि देर रात लगी आग से कपड़े, काउंटर सहित लगभग 50 हजार रुपये का सामान जल गया।