चंदौली के सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित छह केंद्रों पर महाअभियान के लिए सोमवार को लोगों को कोविड से बचाव का टीका लगाया गया। इस दौरान सभी केंद्रों पर टीका लगवाने वालों की काफी भीड़ लगी रही। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वहां तैनात कोतवाली पुलिस ड्यूटी के बजाय मूकदर्शक बनी रही।
सकलडीहा सीएचसी पर सोमवार को टीकाकरण के दौरान सुबह से शाम तक काफी भीड़ रही। इस दौरान टीका पहले लगवाने के लिए लोगों के बीच होड़ मची रही। लोगों में काफी धक्का मुक्की भी हुई। भीड़ नियंत्रित करने पहुंची पुलिस कार्य के बजाय मूकदर्शक बनी रही।
इस दौरान न तो सोशल डिस्टेंस का पालन किया गया और न ही लोगों ने मास्क लगाया था। सकलडीहा सीएचसी सहित मधुबन, बरठी, दिघवट, धरहरा, पीथापुर, अमावल पर कुल 26 लोगों को टीका लगाया गया। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डा. संजय यादव ने बताया कि हर दिन लोगों को टीका लगाया जा रहा है। साथ ही दूरी बनाने और मास्क लगाने की भी अपील की जाती है।