पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने अलीनगर और मुगलसराय थाना क्षेत्रों में
हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए रविवार को पांच चोरों
को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए वाहन और मोबाइल चोरों की निशानदेही
पर दो पिकअप के साथ ही चोरी के चालीस मोबाइल फोन और एक लैपटाप भी बरामद
किया गया। एसपी अमित वर्मा ने पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
सोमवार को पुलिस लाइन में चोरी की घटनाओं का विवरण देते हुए एसपी ने
बताया कि मुगलसराय थाना अंतर्गत डहिया गांव से विगत 11 दिसंबर को विवेक
त्रिपाठी की एक पिकअप चोरी हो गई थी।
वहीं पटनवां में नौ नवंबर को शिवकुमार
यादव की मोबाइल की दुकान से काफी संख्या में मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट
दर्ज की गई थी। उक्त घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच
की टीम को लगाया गया था। इसी दौरान रविवार को मुखबिर की सूचना पर
जिवनाथपुर रेलवे स्टेशन के सामने से मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्यों को
चालीस मोबाइल और एक लैपटाप संग गिरफ्तार किया गया।
गिरोह के सदस्यों ने
बताया कि वे 23 नवंबर को अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया से मोबाइल दूकान
में हुई चोरी में भी शामिल थे।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने औद्योगिक नगर
पुलिस बूथ के पास से वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को भी पकड़ने में
कामयाबी हासिल की, जिनकी निशानदेही पर चोरी के दो पिकअप बरामद की गई।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक पिकअप कबाड़ी को बेच दी है। एसपी ने
बताया कि चोरी के सामानों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के विरुद्घ भी
कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए वाहन चोर जौनपुर निवासी विक्रम प्रजापति,
आजमगढ़ के कृष्ण मुरारी और मोबाइल चोरों में मिर्जापुर के परमानंद, राहुल
और संजय शामिल रहे। एसपी ने वाहन चोरों को पकड़ने वाली टीम को ढाई हजार और
मोबाइल चोर गिरोह को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये बतौर पुरस्कार
देने की घोषणा की है।