चकिया। कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता साधना देवी (29) की मौत के बाद शव को दाह संस्कार के लिए वाराणसी ले जाए जाने के दौरान पुलिस ने अलीनगर बाईपास के पास शव को कब्जे में ले लिया। इसके शव को कोतवाली ले आई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस साधना के पति से पूछताछ में जुटी हुई है।
बिहार प्रांत के कैमूर जनपद के चांद थाना क्षेत्र के अईलाय गांव के निवासी बीरबल की पुत्री साधना का विवाह 10 वर्ष पूर्व चकिया कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव निवासी बच्चा चौहान के पुत्र निर्मल के साथ हुआ था। साधना के दो पुत्र तथा एक पुत्री है। मंगलवार को साधना की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। इसकी सूचना ससुराल पक्ष ने मायके वालों को दी। जिस पर मायके वाले भी छित्तमपुर गांव पहुंच गए। विवाहिता की मौत पेट दर्द होने के कारण बताकर ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को समझा बुझा लिया। इसके उपरांत मायके तथा ससुराल पक्ष के लोग शव का अंतिम संस्कार करने के लिए वाराणसी ले जाने लगे। उसी दौरान गांव के ही किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर चकिया पुलिस ने अलीनगर बाईपास के पास घेराबंदी कर शव को परिवार वालों के कब्जे से ले लिया और उसे लेकर कोतवाली आ गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत के कारणों की जाँच की जा रही है।