नौगढ़। वनांचल के पिछड़े क्षेत्रों में दिवाली का पर्व मनाना व शिक्षा संबंधी गोष्ठी कराना बड़ा ही पुनीत कार्य है। बच्चों का भविष्य निखारने के लिए उन्हें शिक्षित करना अति आवश्यक है। बच्चों को शिक्षित करने से आने वाली तीन पीढ़ियां शिक्षित होती हैं।
ये बातें दीपावली की पूर्व संध्या पर विकास खंड के नक्सल प्रभावित हिनौत घाट गांव स्थित चंद्रप्रभा डैम के समीप पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशनकी ओर से बुधवार को आयोजित दीप उत्सव व शिक्षा उन्नयन गोष्ठी में क्षेत्रीय विधायक शारदा प्रसाद ने कहीं। इसके पूर्व उन्होंने दीप प्रज्वलित कर गोष्ठी का शुभारंभ किया। साथ ही गरीब व असहाय वनवासियों के बीच मिठाई, दीपक, कैंडिल, तेल, लाई का वितरण किया और छात्रों को शिक्षण सामग्री बांटी। कहा कि दीपावली का मतलब सबकी खुशी होता है। वनवासियों से कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने के लिए उन्हें शिक्षित जरूर करें। जो भी शिक्षण सामग्री आप के बच्चों को दिए जा रहे हैं उससे बच्चों को पढ़ाएं। शिक्षित लोग किसी के मोहताज नहीं होते। वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार को मजबूत करते हैं। कहा केंद्र व प्रदेश सरकार सभी के लिए अनेक कार्यक्रम चला रही है। फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने कहा कि समाज में हर कोई अपना पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाए। इसके लिए बोदलपुर, पीतपुर, दिरेहुं, बाघी गांव व चकिया नगर में पांच वर्षो से दीपावलीकी पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अश्वनी दूबे, मुश्ताक अहमद खां, देवेंद्र साहनी, तनवीर, लकी जायसवाल, मनोज कुमार, लव कुमार, अमरदीप, विवेक जायसवाल, विजय चौरसिया रहे।