पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड पर सड़क के किनारे मौजूद दुकान पर बिरयानी खाने के बाद युवक का शुक्रवार की शाम पैसा देने के दौरान दुकानदार से विवाद हो गया। इसके बाद युवक थोड़ी दूरी पर मौजूद निजी अस्पताल के चौथे तल पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। इससे मौके पर हड़कंप की स्थित उत्पन्न हो गई। अस्पताल कर्मचारियों ने किसी तरह से युवक को नीचे उतारा और पुलिस के हवाले किया। इस दौरान पता चला कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आया था। इसबीच उसका विवाद दुकानदार से हो गया।
पुलिस हिरासत में लिया गया युवक बिहार के आरा का निवासी है, लेकिन जीविकोपार्जन के लिए वह हैदराबाद रहता है। अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए युवक पीडीडीयू नगर आया था। एक मॉल में शापिंग करने के बाद वह नगर के कैलाशपुरी कालोनी के पास जीटी रोड के किनारे मौजूद दुकान पर पहुंच बिरयानी खाया। यहां पैसे के लेनदेन को लेकर उसका दुकानदार से विवाद हो गया, जिसके बाद वह आत्महत्या करने के लिए बगल में मौजूद एक निजी अस्पताल के भवन पर चढ़ गया। युवक द्वारा कूदने की धमकी दिए जाने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसबीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को मैनेज कर नीचे उतारने का प्रयास की। इसबीच अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर युवक को किसी तरह से नीचे उतारे, इसके बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस युवक को कोतवाली लाकर पूछताछ की। कोतवाल राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही। विवरण मिलने पर उसे उसके परिवार के हवाले कर दिया जाएगा।