सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला को शादी का झांसा देकर सिपाही ने दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी सिपाही की वर्तमान में तैनाती मुजफ्फरनगर में है। आरोप है कि सिपाही कई साल तक पीड़िता का शोषण करता रहा। एसएसपी ने सिकंदराबाद पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
सिकंदराबाद के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित महिला ने शनिवार को एसएसपी से मिलकर बताया कि उसकी शादी हापुड़ क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। वर्ष 2012 में उसके पति उसको छोड़कर कहीं चले गए, जिसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चल सका। इसके बाद सिकंदराबाद आकर एक मकान में किराए पर रहने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि मकान मालिक ने उसे अकेले देखकर उसे शादी का झांसा देते हुए जबरन दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील क्लीपिंग बना ली। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ लगातार कई बार शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसके इनकार करने पर भी वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
कुछ साल पहले आरोपी की नौकरी पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर लग गई, जिसकी पोस्टिंग अब मुजफ्फरनगर जनपद में हैं। उसके दबाव बनाने पर आरोपी की बहन और भाई ने भी उसकी शादी करा देने का झांसा दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 23 अक्तूबर को आरोपी सिपाही सिकंदराबाद आया और उसके साथ शादी करने से इनकार करते हुए दुष्कर्म किया। आरोपी सिपाही ने कोई शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर देने की धमकी दी। पीड़िता ने एसएसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई।
महिला ने सिपाही पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सिकंदराबाद पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी