प्रियांशी और दैविक ने गोल्ड पर साधा निशाना
बुलंदशहर। प्रियांशी सिरोही और दैविक चौहान ने मेरठ में आयोजित हुई छह दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर जिले का नाम रोशन किया। हाल ही में मेरठ में छह दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता में जिले के शूटरों ने प्रतिभाग किया। मंगलवार को नगर आगमन पर इनका स्वागत किया गया।
धमैड़ा अड्डा स्थित शूटिंग रेंज के कोच मनीष चौधरी ने बताया कि मेरठ के रोहटा में 10 नवंबर से 15 नवंबर तक ओपन शूटिंग प्रतियोगिता हुई। स्पर्धा में उप्र समेत उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब आदि राज्यों के करीब 600 शूटरों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में रेंज की शूटर प्रियांशी सिरोही ने एयर रायफल से लक्ष्य पर निशाना साध अपने वर्ग में 400 में से 394 प्वाइंट हासिल कर गोल्ड पर कब्जा किया और टॉप आठ के फाइनल में सिल्वर, दैविक चौहान ने एयर पिस्टल में अपना पहला मैच खेलते हुए अपने वर्ग में गोल्ड मेडल और एयर पिस्टल में रोहित चौधरी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके अलावा यश तेवतिया समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी काफी उम्दा प्रदर्शन किया। बताया कि अब रेंज के 20 शूटर 18 नवंबर से दिल्ली के करनी सिंह रेंज पर होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। मंगलवार को रेंज पर विजेता शूटरों समेत सभी का स्वागत किया गया।