ट्रैक्टर से टकराने के बाद आग का गोला बनी कार, युवक जिंदा जला
जहांगीराबाद (बुलंदशहर)। भईपुर दोराहे के निकट सोमवार देर रात तीन बजे बदायूं से पानीपत जा रही ईको कार को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई। कार सवार बदायूं निवासी रिंकू उपाध्याय जिंदा जल गया। कार सवार पांच अन्य लोग भी झुलस गए। हादसे के बाद कार और ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए।
बदायूं के बिनावर क्षेत्र के कुंडरा गांव निवासी रिंकू उपाध्याय (32) पानीपत की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। सोमवार रात अपने छोटे भाई राधेश्याम व ममेरे भाई रितिक के साथ अपने मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के पानीपत जा रहा था। जहांगीराबाद के भईपुर दोराहे के निकट पहुंचते ही बुलंदशहर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। कुछ दूर तक घिसटने के बाद पलट गई। इस दौरान उठी चिंगारियों से कार में आग लग गई। गाड़ी के अंदर पांच अन्य सवारी और चालक भी था। चीख पुकार मचते ही मौके से गुजर रहे राहगीरों ने गाड़ी से लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान आग ने विकराल रूप ले लिया और कार में फंसा रिंकू बाहर नहीं निकल पाया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राधेश्याम, बरेली के आलमपुर निवासी रितिक, बदायूं के सिकरोड़ी निवासी आदेश और अजय, पानीपत के बिनौली क्षेत्र के गांव अदम निवासी वरुण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ अनूपशहर रमेश चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि घटना की अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
खेत के बाड़ में फंसा दरवाजा नहीं खुला
घटनास्थल पर मौैजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर के बाद कार खेत की ओर चली गई। जिस ओर कार में रिंकू बैठा था, उस साइड का दरवाजा खेत में लगे बाड़ की वजह से नहीं खुल पाया होगा।
किराए की थी कार, मालिक का किया जा रहा पता
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने देर रात ही घटना की सूचना मृत युवक और घायलों के परिजनों को दे दी थी। कार हरियाणा के नंबर पर पंजीकृत है। नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है। कार चालक की भी तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। उसका भी पता लगाया जा रहा है।