585 लाभार्थियों को मिले 1.17 करोड़ रुपये
बुलंदशहर। शासन की ओर से चलाई जा रही शादी अनुदान योजना के तहत 585 लाभार्थियों को 1.17 करोड़ की राशि मिल गई है। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में योजना के तहत 20-20 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी समाज कल्याण विभाग में आवेदन कर सकते हैं।
शासन की ओर से शादी अनुदान योजना जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में मदद के लिए चलाई जा रही है। अफसरों ने बताया कि 2021-22 में अब तक 585 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। योजना के तहत सामान्य जाति के लाभार्थियों के लिए 40 लाख रुपये की राशि मिली थी। इसमें से 185 लाभार्थियों के लिए 37 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करा दी गई है। अब तीन लाख रुपये की राशि बची है और इसे आवेदन मिलने के बाद लाभार्थियों को उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसी तरह योजना के तहत एससी जाति के लाभार्थियों के लिए 80 लाख रुपये की राशि शासन से प्राप्त हुई थी। यह राशि 400 लाभार्थियों को 20-20 हजार के तौर पर आवंटित की जा चुकी है। एससी जाति के लाभार्थियों को अब योजना का लाभ तब मिलेगा, जब शासन से और राशि जारी की जाएगी।
ये है योजना की पात्रता और जरूरी कागजात
शादी अनुदान योजना के लिए बेटी की शादी करने और आवेदन करने पर प्रति लाभार्थी 20 हजार की राशि दी जाती है। आवेदन करने वाले ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थी की वार्षिक आय 46 हजार और शहरी क्षेत्र में 56 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसका लाभ लेने के लिए शादी के बाद आवेदन करने पर मिलता है। आवेदन के लिए शादी करने वाली युवती की आयु 18 वर्ष और युवक की आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। लाभार्थी को आवेदन के साथ आय, जाति प्रमाणपत्र, आधार नंबर और बैंक खाता नंबर देना होता है। आवेदन को पहले ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव से स्वीकृत कराना होता है।
शादी अनुदान योजना के लाभार्थी विभाग में आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं। चालू वर्ष में अब तक योजना से 585 लाभार्थियों को लाभ दिया जा चुका है। इन सभी लाभार्थियों को 1.17 करोड़ की राशि दे दी गई है। - नागेंद्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी।