छह केंद्रों पर पीजीटी परीक्षा आज
बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की पीजीटी प्रवक्ता वर्ग विभिन्न विषयों की परीक्षा जिले में मंगलवार को होगी। दो दिन तक चलने वाली प्रवक्ता वर्ग की परीक्षा को लेकर जिले का खुफिया विभाग अलर्ट है। परीक्षा कराने के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं और इन पर दो दिन में 9591 परीक्षार्थी परीक्षाओं में शामिल होंगे। मंगलवार को होने वाली परीक्षा में 5406 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर 17 और 18 अगस्त को पीजीटी परीक्षा कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने भी परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। परीक्षार्थियों को केंद्रों पर प्रवेश पत्र, और आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। मंगलवार यानि आज केंद्रों पर पीजीटी की विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 तक होगी और इसमें 3100 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली 2.30 से 4.30 तक होगी और इसमें 2306 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रों पर आधा स्टाफ संबंधित कॉलेज का होगा और आधा स्टाफ दूसरे विभाग का होगा। बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी भी परीक्षा में लगाई गई है। मंगलवार पहले दिन की परीक्षा में कुल 5406 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बुधवार को 4186 होंगे परीक्षा में शामिल
18 अगस्त को भी जिले में सात केंद्रों पर पीजीटी विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 तक होगी और इसमें पहली पाली में 2386 दूसरी पाली 2.30 से 4.30 तक चलेगी। इसमें 1799 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दो दिन की पीजीटी परीक्षा में कुल जिले में 9591 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। एक परीक्षा केंद्र पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
पीजीटी की परीक्षा के लिए जिले में भानू प्रताप एग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज जहांगीराबाद, शिव कुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज जहांगीराबाद, डॉ. अनूपलाल बंसल बालिका इंटर कॉलेज जहांगीराबाद, किसान आदर्श इंटर कॉलेज रोंडा, एलडीएवी इंटर कॉलेज अनूपशहर और जीआईसी इंटर कॉलेज बुलंदशहर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इन नियमों का करना होगा पालन
- परीक्षार्थियों को केंद्रों पर प्रवेश पत्र, और आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा।
- सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा।
- परीक्षा केंद्रों के सौ मीटर के दायरे में एकत्रित नहीं हो सकेगी भीड़
- परीक्षा केंद्र पर भीड़ लगाने पर होगी कानूनी कार्रवाई।
- परीक्षा केंद्रों के सौ मीटर के दायरे में नहीं खुलेगी फोटो स्टेट की दुकान।
- सीसीटीवी कैमरे की निगाह में होगी परीक्षा, अफसरों की रहेगी पैनी नजर।
- परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे प्रशासनिक अधिकारी।
- प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात रहेंगे दो-दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट।
- परीक्षा केंद्र पर किया जाएगा सैनिटाइज, बिना मास्क नहीं मिलेगा प्रवेश।
- मास्क न होने पर केंद्र पर परीक्षा को उपलब्ध करवाई जाएगी कोरोना से बचाव की किट।
कोट
जिले में पीजीटी परीक्षा मंगलवार से छह केंद्रों पर शुरू होगी और यह दो दिन तक चलेगी। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं। एक परीक्षा केंद्र पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे। केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं, लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
- शिवकुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक।