ट्यूशन पढ़ने जा रही दसवीं की छात्रा को गला दबाकर मारा
खुर्जा। घर से ट्यूशन पढ़ने जा रही दसवीं कक्षा की छात्रा का शव रास्ते में खेत के किनारे पानी से भरे एक गड्ढे में मिला। गांव के लोगों ने दावा किया कि उन्होंने गड्ढे के पास से से एक युवक को भागते देखा। पुलिस ने फोरेंसिक टीम से जांच कराई है। देर रात तक पुलिस हत्यारे को पाई और न ही कोई अहम सुराग तलाश सकी। हालांकि एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ का दावा किया है।
थाना खुर्जा देहात के किर्रा गांव निवासी रमेशचंद्र की 16 वर्षीय पुत्री अंजली नगर के एक स्कूल में कक्षा दस की छात्रा थीं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे वह ट्यूशन पढ़ने के लिए पैदल खुर्जा जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में किसी ने गला दबाकर छात्रा की हत्या कर दी और शव सड़क किनारे एक गड्ढे में फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी अरुना राय, सीओ संग्राम सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तो घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। छात्रा के पिता रमेशचंद ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उन्होंने पुलिस से हत्यारों को पकड़ने की गुहार लगाई।
दो भाइयों की अकेली बहन थी अंजली
अंजली अपने दो छोटे भाईयों की अकेली बहन थी। पिता रमेश चंद्र टैंपो चलाते हैं। स्कूल में छुट्टी चल रही थी। रोजाना की तरह अजंली दोपहर ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। बहन की मौत की खबर सुनकर दोनों भाइयों का बुरा हाल है।
जल्दबाजी में पुलिस ने कर दिया आरोपी को पकड़ने का दावा
पुलिस ने खेतों में कॉबिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। इसके बाद दावा किया कि उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया है। इस संबंध में एसएसपी ने आनन-फानन में बाइट भी दे डाली। लेकिन जांच पड़ताल में पकड़ा गया युवक आरोपी नहीं निकला। हांलाकि संदिग्ध युवक अभी भी पुलिस के कब्जे में है और उससे पूछताछ चल रही है।
दावा: जल्द होगा खुलासा
हत्यारे की तलाश में पुलिस टीम कॉबिंग कर रही है। एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदश्हर