सराफा व्यापारी का बयान बता रहा लूट हुई, पुलिस ने चोरी में दर्ज किया
बुलंदशहर। मुनीम से 72 लाख रुपये की लूट के मामले को पुलिस ने धोखाधड़ी कर कार से रुपये चोरी करने की धाराओं में दर्ज किया है। अमर उजाला से बातचीत के दौरान सराफा व्यापारी नवनाथ जाधव उर्फ अन्ना ने बताया कि उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट कर बदमाश कार से रुपये ले गए हैं।
देर शाम खुर्जा पहुंचे पीड़ित सराफा व्यापारी ने बताया कि खुर्जा के निकट उनकी कार को बदमाशों की कार ने ओवरटेक कर रोका। आरोपियों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया। साथ ही दो आरोपी उनकी कार में सवार हो गए। आगे आरोपियों की कार चल रही थी, जबकि उसके पीछे मुनीम की कार। करीब दस किलोमीटर बाद मामन फ्लाईओवर के निकट आरोपी उनकी कार से रुपयों से भरा थैला लेकर उतर गए। इसके बाद वह वहां से धमकी देते हुए फरार हो गए। सराफा व्यापारी ने बताया कि आरोपियों ने कार के अंदर उनके मुनीम व अन्य के साथ डंडे से पिटाई की व पीछे मुड़कर देखने पर चांटे भी मारे। जिससे साफ है कि व्यापारी के मुनीम के साथ लूट की वारदात हुई है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने गभाना टोल से लेकर बुलंदशहर तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, लेकि पुलिस किसी अंजाम तक नहीं पहुंची है।
हाईवे की सुरक्षा एक बार फिर हुई तार-तार
नेशनल हाईवे 91 पर लगातार हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस सबक नहीं ले रही है। पूर्व में भी इसी हाईवे पर मां-बेटी के साथ दुष्कर्म से लेकर विभिन्न हत्या और लूट की वारदातें हो चुकी हैं। फिर भी पुलिस हाईवे की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर नहीं आ रही है। खुर्जा नगर में हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
मामला तहरीर के आधार पर दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल सामने आया है कि आरोपियों ने सराफा व्यापारी के मुनीम की कार को ओवरटेक कर रुकवाया और फिर कार में बैठकर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताते हुए रुपये चोरी कर फरार हो गए। - संग्राम सिंह, सीओ खुर्जा