व्यापारी की मां को बंधक बनाकर लूटे नकदी-जेवरात
डिबाई। नगर स्थित बाजार में स्थित एक घर में शुक्रवार की दोपहर दुकान का पता पूछने के बहाने घुसे दो हथियारबंद बदमाशों ने वृद्ध महिला को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। बदमाश वृद्धा को घर के एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की, लेकिन बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
नगर के मोहल्ला नमक मंडी निवासी अंकुर अग्रवाल की बड़ा बाजार में किराना की दुकान है, जिससे उनका व परिवार का भरण पोषण होता है। बताया गया कि प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी अंकुर अग्रवाल अपनी दुकान पर गए। दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी मीतू अग्रवाल अपने दोनों बच्चों को स्कूल से लेने के लिए गई थीं। इस दौरान घर पर अंकुर की मां राजरानी (72) मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि मीतू के जाने के कुछ समय बाद ही दो युवक घर में घुस आए। आरोपियों ने मुंह पर ढाठा बांधा हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने वृद्धा के पुत्र अंकुर के बारे में व उसकी दुकान का पता हासिल किया। फिर आरोपियों ने पानी पीने की इच्छा व्यक्त की। जब, वृद्धा पानी लेकर आई तो आरोपियों ने तमंचा निकालकर महिला की कनपटी पर सटा दिया। साथ ही आरोपियों ने शोर मचाने पर मुंह पर टेप लपेटकर हत्या की धमकी दी। इसके बाद आरोपी महिला के साथ घर में बने एक कमरे में दाखिल हुए, जहां अलमीरा में रखी नकदी और सोने चांदी के जेवरात लूट लिए। इसके बाद आरोपी महिला को कमरे में ही बंद कर फरार हो गए।
40 मिनट के भीतर हो गई वारदात
अंकुर अग्रवाल की पत्नी मीतू दोपहर 12 बजे घर से निकली थीं। उन्होंने बताया कि वह करीब 12.40 बजे बच्चों को लेकर घर लौटीं। इस दौरान एक युवक वहां से जाता हुआ दिखा था। मीतू ने बताया कि युवक को देखकर उसे लगा कि कोई प्लंबर है, जिसे माता जी ने बुलाया होगा। जब वह अंदर गई तो एक कमरे में उनकी सास राजरानी बंद थीं और रो रही थीं। बंधनमुक्त होने के बाद उन्होंने पुत्रवधू को पूरे प्रकरण से अवगत कराया।
रिपोर्ट दर्ज, लेकिन अभी नहीं बताया कितने की हुई लूट
मामले में पीड़ित अंकुर अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। लेकिन, अभी तक यह पता नहीं लग सका है कि लुटेरे कितनी नकदी और कितने रुपये कीमत के जेवरात लूट कर ले गए हैं। तहरीर में भी इस बात को नहीं दर्शाया गया है।
पूर्व नौकर पर भी शक, रेकी करने की आशंका
अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में उनके यहां एक युवक नौकरी करता था। जिसे करीब दो वर्ष पूर्व चोरी के मामले में हटा दिया था और वह जेल चला गया था। जिसके बाद अंकुर ने उसके रिश्तेदार युवक को नौकरी पर रख लिया था। वहीं, शुक्रवार को वारदात के दौरान उक्त पूर्व नौकर को बाजार में एक दुकान के निकट लगातार फोन पर किसी से बात करते हुए देखा गया। आशंका जताई जा रही है कि उस दौरान आरोपी वारदात करने आए आरोपियों से संपर्क में रहकर रेकी कर रहा था।
व्यापार मंडल ने की जल्द खुलासे की मांग
व्यापारी के घर हुई लूट के मामले में व्यापारियों में भी आक्रोश है। उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, युवा नगर अध्यक्ष नमन राठी, धीरज, किराना संघ अध्यक्ष तरुण अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सरगम साहनी, सराफा यूनियन के पदाधिकारी कमल वर्मा ने अफसरों से बाजार में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही बदमाशों का सुराग लगाकर राजफाश कर दिया जाएगा।
- हरेंद्र कुमार, एसपी देहात