दूसरे दिन के प्रशिक्षण से 27 कार्मिक रहे अनुपस्थित
बुलंदशहर। विधानसभा चुनावों में मतदान कराने के लिए कार्मिकों का दूसरे चरण का प्रशिक्षण जारी है। दो पालियों में 1,960 कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाना था, लेकिन इसमें 27 ने प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया है। केंद्रीय विद्यालय में छह फरवरी तक कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को सीडीओ ने उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।
जिले की सातों विधानसभाओं में दस फरवरी को मतदान होगा। कार्मिक विभाग ने अब अब दूसरे चरण का कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू करा दिया है। सीडीओ एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि 31 जनवरी से छह फरवरी तक नगर के केंद्रीय विद्यालय में कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दो पालियों में 1960 कार्मिकों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। इसमें पीठासीन व मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय शामिल रहे। 70 मास्टर ट्रेनरों द्वारा कार्मिकों को ईवीएम के चलाने, बंद करने और मतदान कैसे कराना व स्ट्रॉग रूम तक ईवीएम कैसे पहुंचानी है इसका प्रशिक्षण दिया। दूसरे दिन के प्रशिक्षण में 27 कार्मिक अनुपस्थित रहे हैं। मास्टर ट्रेनरों द्वारा कार्मिकों को जो प्रशिक्षण दिया जा रहा है वह उसे ध्यान से प्राप्त करें और उसी के आधार पर मतदान कराएं। निर्वाचन आयोग की जो गाइड लाइन है उसी के अनुरूप बूथों पर मतदान होगा। सुबह व दोपहर दो पालियों में कार्मिकों में प्रशिक्षण कराया जा रहा है।