शिकारपुर तहसील क्षेत्र के जटपुरा गांव में सुरेश पाल की दूध डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर मिलावटी दूध के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया। डेयरी पर ग्लूकोज और मिल्क पाउडर से तैयार 80-90 लीटर दूध बरामद हुआ है। डेयरी से ग्लूकोज व स्किम्ड मिल्क पाउडर आदि सामान बरामद हुआ है।
अफसरों ने आरोपी को पकड़ पुलिस को सौंप दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुंवर मनोज सिंह ने बताया गांव जटपुरा में सुरेश पाल की डेयरी पर मिलावटी दूध बनाने सप्लाई की सूचना मिल रही थी। सोमवार सुबह एफएसओ जितेन्द्र कुमार शर्मा, मनोज कुमार व यशपाल सिंह के साथ सुरेश पाल की डेयरी पर छापा मारा।
डेयरी में दो कैन बना हुआ मिलावटी दूध और एक कैन में मिल्क पाउडर व ग्लुकोज का मिश्रण रखा हुआ था। अफसरों ने डेरी संचालक को दबोच लिया। डेयरी में 7-8 किलो ग्लूकोज पाउडर, 40 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर भी जब्त किया गया है। ग्लूकोज व मिल्क पाउडर से तैयार तरल पदार्थ और दूध को नष्ट करवा दिया गया है।
हालांकि फूड अफसर जिस घोल को ग्लूकोज और मिल्क पाउडर का घोल बता रहे थे वह डेयरी संचालक ने क्रीम बताया।
सात नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डेयरी संचालक को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।-कुंवर मनोज सिंह,सीएफएसओ
80 लीटर पदार्थ से बन रहा था 8 क्विंटल दूध
सीएफएसआे कुंवर मनोज सिंह का कहना है कि जिस समय वह टीम के साथ दूध डेयरी पर पहुंचे तो मिलावटी दूध बनाने का काम चल रहा था। ग्लूकोज और मिल्क पाउडर के पेस्ट में पानी मिलाना बाकी था। उन्होंने बताया कि 80-90 लीटर तरल पदार्थ से आठ क्विंटल दूध बनाया जा रहा था।