बाइक सवार तीन बदमाशों ने शादी से लौट रहे सवार दंपति को हवाई फायर कर रोका और गन प्वाइंट पर नगदी-जेवर लूट लिए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
वारदात औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव खनौंदा स्थित मटका मंदिर के पास शुक्रवार दोपहर हुई। खानपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगला आलमपुर निवासी दंपत्ति रविन्द्र सिंह अपनी पत्नी कल्पना के साथ अगौता के गांव लुधियाना में शादी समारोह में शामिल होने गया था।
शुक्रवार दोपहर करीब ग्यारह बजे लुधियाना से लौटते वक्त औरंगाबाद - पवसरा मार्ग पर गांव खनौंदा स्थित मटका मंदिर के पास पवसरा की ओर से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से फायर कर उन्हें रोका।
तमंचे के बल पर धमकाते हुए बदमाशों ने दंपति से सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी, पाजेब, दो हजार रुपये कैश समेत अन्य सामान लूट लिए और गोली मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद दंपति ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और मौका-मुआयना किया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस जल्द ही पहुच जाती तो आरोपियों की घेराबंदी की जा सकती थी।
एसओ औरंगाबाद कुशलपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित दंपति की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।