किसानों की आय दोगुनी करवाने में भी सहभागी बनेगी मनरेगा
बुलंदशहर। अब मनरेगा के माध्यम से किसानों की आय भी दोगुनी होगी। नई योजना के तहत भूमि सुधार, खेत तालाब, चारागाह विकास और नर्सरी आदि के काम होंगे। किसान परिवार को 100 दिन का काम देने के साथ ही मजदूरी भी दी जाएगी।
ग्राम्य विकास अभिकरण विकास के आयुक्त ने आदेश जारी किया है कि वित्त वर्ष 2019-20 में जारी हुए मनरेगा के श्रम बजट से किसानों की आय भी दो गुना करने में सहयोग किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक है कि किसानों की आय संर्वधन करने के साथ उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाया जाए। श्रम बजट से रणनीति बनाई जाए कि प्रति ग्राम पंचायत न्यूनतम 10 किसान लाभार्थियों का चयन कर भूमि सुधार, खेत तालाब, चारागाह विकास, नर्सरी स्थापना इत्यादि प्रारंभ कराते हुए प्रत्येक परिवार को 100 दिन का रोजगार दिया जाए। महिला किसानों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला किसान सशक्तिकरण योजना का क्रियान्वयन किया जाए। ताकि किसानोें की आय दोगुनी हो सके। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग के परियोजना निदेशक सर्वेश चंद ने बताया कि इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए काम शुरू हो गया है। जल्द ही किसानों का चयन कर उन्हें इसका लाभ दिया जाएगा।