कोविड-19 संक्रमण में अनाथ हुए बच्चों को सरकार देगी 10 लाख
बुलंदशहर। कोविड-19 संक्रमण के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री क्रस फॉर चिल्ड्रेन योजना की शुरूआत की गई है। इसके तहत ऐसे बच्चों को सरकार 10 लाख रुपये देगी। बच्चों से आवेदन करने के लिए शासन ने पोर्टल भी खोल दिया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री क्रस फॉर चिल्ड्रेन योजना का लाभ लेने के लिए ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता दोनों या फिर एक की मृत्यु हो गई हो और दूसरे की मृत्यु 11 मार्च 2020 से 31 दिसंबर 2021 के बीच कोविड-19 से हुई हो। ऐसे बच्चे इस योजना के तहत लाभ के हकदार होंगे। ऐसे बच्चों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्राप्त होने पर बाल कल्याण समिति की ओर से उसका सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद डीएम की संस्तुति के बाद आगामी कार्रवाई के लिए शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक ऐसे अनाथ हो चुके 90 से अधिक बच्चों को सरकार की ओर से सहायता राशि के लिए चयनित कर लिया गया है। इन बच्चों को योजना के तहत राशि भी मिल रही है।