अनूपशहर। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली गई। यात्रा के शुभारंभ पर प्रदेश सचिव पंकज तंजानिया ने विधानसभा प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह राघव को राष्ट्र ध्वज सौंपा। यह यात्रा जाह्नवी द्वार गंगा तट से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक से मुख्य बाजार से होते हुए बाईपास पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा के रथ के पीछे कांग्रेस कार्यकर्ता जोड़ो जोड़ो भारत जोड़ो जाति का बंधन तोड़ो के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
यात्रा से पहले नगर कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग का आयोजन किया गया जिसे संबोधित करते हुए यात्रा जिला प्रभारी व प्रदेश सचिव पंकज तंजानिया, एआईसीसी सदस्य शिवराम वाल्मीकि ने कहा कि देश में कांग्रेस के युवा नेता राहुल गांधी के द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य संपूर्ण देश में मोहब्बत का पैगाम एवं न्याय का संदेश देना है। दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रहे अमरीश गौतम ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मणिपुर से मुंबई तक की जा रही 6700 किलोमीटर की यात्रा की समर्थन में आज अनूपशहर में भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली गई। यात्रा प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी पंकज तंजानिया, विधानसभा प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह राघव व महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा गौड़ के नेतृत्व में व नगर अध्यक्ष सलाम खां की अध्यक्षता में निकाली गई। इस मौके पर जिला सचिव रवींद्र प्रधान, अध्यक्ष बबलू कुरैशी, आदित्य गौड़, कौशल शर्मा, प्रभात कौशिक, नटवरलाल शर्मा, एससी-एसटी के जिला अध्यक्ष मुकेश रजक, प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा और कमल सिंह सूर्यवंशी, सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।