बजट भाषण से पहले महाकुंभ में भगदड़ को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने हंगामा किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश के साथ सपा के सांसदों ने बजट भाषण से पहले हंगामा करते हुए महाकुंभ में भगदड़ पर चर्चा की मांग की।
हंगामे के बीच लोकसभा स्पीकर ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सपा सांसदों से कहा कि मेरा आपसे निवेदन है, माननीय अखिलेश जी, आप संसद की मर्यादा को आप बनाकर रखिए। कभी बजट भाषण के अंदर ऐसा नहीं हुआ। ये उचित नहीं है। मैं आपको मौका दूंगा। राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा होगी। ये तरीका नहीं है।
बजट भाषण के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, हमारे लिए आज बजट के आंकड़ों से ज्यादा जान गंवाने (महाकुंभ भगदड़ में) वालों के आंकड़े महत्वपूर्ण हैं। जो सरकार जान गंवाने वालों, लापता लोगों के आंकड़े नहीं दे सकी... जिस सरकार को ये बताने में 17 घंटे से ज्यादा लग गए कि भगदड़ मची, लोगों की जान चली गई... जिनके पास विजन नहीं है कि महाकुंभ के लिए कितना इंफ्रास्ट्रक्चर होना चाहिए, जब 40 करोड़ लोगों के लिए व्यवस्था करनी थी, तो आपने क्या व्यवस्था की?... ये सरकार झूठी है, जो सरकार महाकुंभ का आयोजन नहीं कर सकती, आज के बजट में उसका हर आंकड़ा झूठा है।
इससे पहले, समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि "इस समय बजट से भी ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि महाकुंभ में लोग अपनों को ढूंढ़ रहे हैं। लोगों को उनके अपने नहीं मिल रहे हैं। सरकार मृतकों के आंकड़े छुपा रही है। सरकार मृतकों और लापता लोगों की संख्या बताने में विफल रही।