फुलवाड़ी बढ़ाएगी पार्क की शोभा
पार्क में हरे पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को अंदर काफी सुखद अहसास होगा। पार्क के अंदर तीन तरह की लेन होगी, जिसमें अलग-अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को लोग देख सकेंगे। यहां लोगों को आराम करने के लिए भी स्थान मिलेगा, जहां वहां गार्डेन में बैठकर पार्क की ठंडी हवा का भी लुत्फ ले सकेंगे। इसके अलावा पार्क में विभिन्न तरह के फूल वाले पाैधे भी उगाए जाएंगे, जिससे पार्क की शोभा बढ़ेगी।
पार्क में मिलेंगी यह सुविधाएं
भारत दर्शन पार्क में पर्यटकों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। यहां पार्किंग के साथ ही कैंटीन, बैठने के लिए बेंच, सामुदायिक शौचालय, पिंक टॉयलेट, पेयजल आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। फव्वारे और रंगीन स्ट्रीट लाइटें लोगों को आकर्षित करेंगी। पार्क में लोग अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचकर आनंद ले सकेंगे।
साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से यहां सिक्योरिटी गार्डों की भी तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। पार्क में टिकट दर निर्धारित की जाएगी, जिसके बाद लोग इस खूबसूरत पार्क की सैर कर सकेंगे।
भारत दर्शन पार्क शहर के टूरिज्म को नई दिशा देगा। इसका टेंडर जारी कर दिया गया है। इसी महीने से पार्क का निर्माण कार्य भी शुरू होगा और जुलाई तक पार्क पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। - अंजुलता, सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण
एमडीए बोर्ड की बैठक चार को
एमडीए की बोर्ड बैठक चार फरवरी को होगी। पहले यह बैठक 23 जनवरी को होने वाली थी लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। एमडीए की सचिव अंजुलता के अनुसार बोर्ड की बैठक में प्राधिकरण के विकास एजेंडा पर चर्चा की जाएगी। साथ ही बजट संबंधी विषयों पर भी चर्चा होगी। बैठक का एजेंडा जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।
प्राधिकरण की योजना है कि वह अपनी सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करे। प्राधिकरण की ड्रीम्ड योजना में शामिल कांठ-दिल्ली रोड की कनेक्टिविटी का कार्य लगभग पूरा हो गया है, जल्द ही इसका उद्घाटन कराया जाएगा। वहीं, गागन पुल से लेकर जीरो प्वाइंट तक प्राधिकरण सड़क को स्मार्ट रूप दे रहा है। यह कार्य भी तेजी के साथ चल रहा है। जीरो प्वाइंट तक की सड़क के बीच सुरक्षा की दृष्टि से चौराहे भी तैयार किए जा रहे हैं।