जानकारी के मुताबिक उझानी क्षेत्र के गांव जुनइया निवासी उमेश (28) अपनी वैन चलाता था। मंगलवार सुबह वह फूलपुर गांव से वैन में बच्चों को बैठाकर उझानी स्थित कैप्टन गजराम सिंह इंटर कॉलेज में छोड़ने जा रहा था। करुआ पुल से पहले ओवरटेक करने के चक्कर में वैन सामने आ रहे कैंटर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आई रोडवेज बस भी दोनों वाहनों से टकरा गई। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भिजवाया।
ये भी पढ़ें- रेल ट्रैक पर मिला घायल बच्चा: पास में पड़ा था महिला का शव, रात में रोने की आवाज सुन पहुंचे लोग तो रह गए दंग
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने वैन चालक उमेश, उसके पुत्र दुष्यंत और छात्र आलेख पुत्र तेजपाल निवासी फूलपुर को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि वैन चालक उमेश की गोद में उसका बेटा था। हादसे में छह बच्चे घायल हुए हैं। इनमें स्वाति नाम की बच्ची की हालत बेहद नाजुक है। उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि वैन चालक और उसके डेढ़ साल के बेटे समेत एक अन्य छात्र की मौत हुई है। वैन, कैंटर व रोडवेज बस को पुलिस में कब्जे में लिया है। घटना की जांच कराई जा रही है।