प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते युवा। संवाद
- फोटो : BADAUN
वजीरगंज (बदायूं)। रविवार को नगर में हुई एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा में 100, 400 व 1600 मीटर की दौड़ के साथ क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। शुभारंभ शिवम प्रताप सिंह, विष्णु वार्ष्णेय ने हरी झंडी दिखाकर किया। स्पर्धा के विजयी प्रतिभागियों को पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने पुरस्कृत किया।
कस्बे के खेल मैदान पर आयोजित खेल स्पर्धा का शुभारंभ दौड़ प्रतियोगिता से हुआ। इसमें 100 मीटर दौड़ में ग्राम दौलतपुर के विनय कुमार ने बाजी मारी, वहीं ग्राम सोही के प्रवेश कुमार द्वितीय व वजीरगंज के तय्यूब खां तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में रंजीत प्रथम, सनूप सिंह द्वितीय व साहिल तृतीय स्थान पर रहे।
1600 मीटर दौड़ में सचिन यादव प्रथम, रजनेश द्वितीय व नितिन सिंह राठौर तृतीय स्थान पर रहे। क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में वार्ष्णेय क्रिकेट क्लब वजीरगंज व सिंह साहब क्रिकेट क्लब बनिया के बीच एकतरफा मुकाबला हुआ। सिंह साहब क्रिकेट क्लब के कप्तान बंटी सिंह ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया।
वार्ष्णेय क्रिकेट क्लब के कप्तान हर्षित वार्ष्णेय की पूरी टीम 85 रन पर ही ढेर हो गई, जवाब में सिंह साहब की टीम ने मैच को बड़ी आसानी से जीत लिया। मुख्य अतिथि दीपमाला गोयल ने विजयी खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य आयोजक विष्णु वार्ष्णेय ने बताया कि जो खिलाड़ी आज की प्रतियोगिता में विजयी रहे हैं। उनको जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का जल्द ही अवसर मिलेगा। इस मौके पर निशांत सिंह निशू, पवन पाठक, मोहित सिंह, सोनू मौर्य, निर्मित गुप्ता, जुबेर पाजी आदि मौजूद रहे। संवाद