बदायूं। उप्र सरकार की नेडा (न्यू एंड रिन्युएविल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी) एजेंसी घरेलू इस्तेमाल के लिए सब्सिडी पर सोलर रूफटॉप पावर प्लांट उपलब्ध करा रही है। इससे बनने वाली बिजली का उपभोक्ता खुद तो इस्तेमाल कर ही सकते हैं साथ ही बचत होने पर उसे आय का साधन भी बना सकते हैं। उस बिजली को पॉवर कारपोरेशन को बेचा जा सकेगा।
केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार लोगों को 24 घंटे बिजली देने की योजना बना रही है। सरकार की योजना के अंतर्गत यूपी नेडा एजेंसी ने प्रदेेश में ग्रिड कनेक्टेड सोलर रूफटॉप पावर प्लांट लगाने के निर्देेश दिए हैं। इसके तहत नेडा के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की मदद से अनुदान पर संयंत्र दिए जा रहे हैं। इनके लग जाने के बाद में सौर ऊर्जा के उपयोग से बनने वाली बिजली को उपभोक्ता स्वयं भी उपयोग कर सकते हैं। साथ ही बचत होने पर ऊर्जा पॉवर कारपोरेशन को बेच भी सकते हैं। इससे न केवल आम उपभोक्ता की जेब को राहत मिल सकती है, बल्कि बिजली उत्पादन का एक विकल्प भी तैयार होगा। इसके लिए शासन ने जिले को चार सौ किलोवाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य भी दिया है।
किलोवाट --बाजार रेट--नेडा रेट
एक किलोवाट- 50 हजार रुपये- 16770
दो किलोवाट - एक लाख रुपये- 33540
तीन किलोवाट- डेढ़ लाख रुपये- 50310
केद्र व प्रदेश सरकार द्वारा छूट दी जा रही है। इस वजह से ये सोलर रूफटाप प्लांट इन कम रेट पर आम लोगों के लिए मुहैया हो पा रहा है। बाजार रेट बहुत ज्यादा हैं। फिलहाल ये योजना कब तक संचालित रहेगी, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। - डीवी सिंह, जेई नेडा