ओरछी (बदायूं)। फैजगंज बेहटा के नियाज खान ने पाकिस्तान की जीत पर खुशी जताते हुए फेसबुक पर पाक का झंडा लगाकर आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे हिंदू संगठनों में उबाल आ गया। थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
24 अक्तूबर को भारत पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबला था। इसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था। तमाम क्रिकेट प्रेमी निराश हुए लेकिन फैजगंज बेहटा निवासी नियाज खान ने खुशी जताई।
हिंदू जागरण मंच के नगर अध्यक्ष पुनीत कुमार शाक्य के मुताबिक नियाज खान ने केवल खुशी नहीं जताई बल्कि अपनी फेसबुक आईडी पर इसका इजहार भी किया। उसने फेसबुक पर पाकिस्तान का झंडा डालकर खुशी जताई । फेसबुक पर लिखा कि आई लव यू पाकिस्तान, आई मिस यू पाकिस्तान, जीत मुबारक हो। जब हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने ये पोस्ट देखी तो तमाम कार्यकर्ता एकत्र होकर फैजगंज बेहटा थाने पहुंचे। पुनीत ने नियाज खान के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट और राजद्रोह के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने दबिश देकर नियाज को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
पहले भी डाल चुका है आपत्तिजनक पोस्ट
नियाज खान पहले भी धर्म और देश से जुड़े मुद्दों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट डाल चुका है लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई थी। कुछ मामलों को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। इस मामले में भी पुलिस पहले शांतिभंग में कार्रवाई कर रही थी लेकिन कार्यकर्ताओं का गुस्सा देखकर देशद्रोह के आरोप में मामला दर्ज करना पड़ा।
फैजगंज बेहटा के एक युवक ने फेसबुक पर पोस्ट की है। इसमें तहरीर के आधार पर राजद्रोह का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात