बदायूं। गंगा की वीरान कटरी में तंबुओं का अस्थायी शहर बस गया है। गंगा तट पर कल्पवास करने के लिए हजारों की संख्या में परिवार पहुंच गए हैं। तंबुओं के शहर में हर ओर रौनक दिख रही है। रात में रंग-बिरंगी सजावट से यहां चकाचौंध है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव दिल्ली से हेलिकाप्टर से मेला ककोड़ा में पहुंचेगी। हेलिपैड बनाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। मेले का शुभारंभ बृहस्पतिवार को सहकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा करेंगे। नगर विकास मंत्री महेश गुप्ता, सांसद संघमित्रा मौर्य, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता समेत जिले के विधायक मौजूद रहेंगे। 19 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होना है।
मेला स्थल पर काफी संख्या में साधु-संत भी पहुंच गए हैं। कई स्थानों पर बृहस्पतिवार से ही भंडारे शुरू हो गए हैं। मीना बाजार, खैराती बाजार, हलवाई बाजार में काफी रौनक हो रही है। मेला स्थल पर पहुंचे लोगों ने खरीदारी भी शुरू कर दी है। खेल-तमाशे और झूलों पर भी रौनक दिखने लगी है। बुधवार को सभी संबंधित विभाग मेला स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही प्रदर्शनी आयोजन में भी जुटे रहे। बृहस्पतिवार को मेला के उद्घाटन के दौरान पुलिस-प्रशासन के बड़े अधिकारियों के साथ राजनेता भी मेला पहुंचेंगे। ऐसे में बुधवार को मेला स्थल पर वीआईपी टेंटो में काम चलता रहा। वीआईपी रोड को भी पूरी तरह से दुरुस्त कर दिया गया है। स्काउट गाइड का कैंप के साथ आर्य समाज कैंप भी सज गए हैं।
बुधवार को जिला पंचायत के साथ प्रशासनिक अधिकारी मेला स्थल पर जुटे रहे। बृहस्पतिवार को उद्घाटन के मद्देनजर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। हेलिपैड बनाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर भी अधिकारियों ने मेला स्थल का जायजा लिया।
गंगा घाटों की निगरानी करेंगी 50 नाव
गंगा में निगरानी के लिए 50 नावों को लगाया गया है। बृहस्पतिवार को मेला के उद्घाटन के साथ ही इन नावों से गंगा में निगरानी शुरू कर दी जाएगी। 19 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व पर विशेष निगरानी रहेगी। बुधवार से ही नावों के जरिये गंगा में निगरानी शुरू कर दी गई है। एक प्लाटून फ्लड पीएसी भी गंगा तट पर पहुंच गई है। पीएसी 43 वीं वाहिनी एटा के जवानों ने बुधवार से ही गंगा में निगरानी शुरू कर दी है। जिला पंचायत की ओर से गंगा तट पर गोताखोरों को भी लगाया गया है।
22 सवारियां लेकर ककोड़ा पहुंची रोडवेज की पहली बस
परिवहन निगम के बदायूं डिपो ने मेला ककोड़ा के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। मेला के लिए इस बार 35 रुपये किराया तय किया गया है। बुधवार को बदायूं डिपो की पहली रोडवेज बस 22 सवारियां लेकर मेला पहुंची। मेला स्थल पर बदायूं डिपो ने अस्थाई बस स्टैंड बनाने के साथ यहां स्टाफ की तैनाती भी कर दी है। एआरएम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मेला ककोड़ा के लिए बसों की कोई कमी नहीं रहेगी। बदायूं से लगातार मेला के लिए बसें रवाना की जाएंगी।
प्रसव कक्ष, इमरजेंसी तैयार, ओपीडी में पहुंचे 110 रोगी
- स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेला स्थल पर अस्थाई अस्पताल बना दिया गया है। यहां स्टाफ की तैनाती के साथ ही इलाज भी शुरू हो गया है। बुधवार को मेला ककोड़ा स्थल पर अस्पताल की ओपीडी में 110 रोगी पहुंचे। जांच के बाद इनको दवाओं का वितरण किया गया। अस्थाई अस्पताल में इमरजेंसी, प्रसव कक्ष की भी व्यवस्था की गई है। यहां एंबुलेंस की तैनाती भी है। सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर ने बताया कि मेला में मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव भी शुरू करा दिया गया है।
स्वच्छता: हर ग्राम पंचायत से भेजे गए दो-दो कूड़ेदान
- मेला ककोड़ा में साफ-सफाई और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। जिले भर की नगर पालिका, नगर पंचायतों के साथ ही ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मचारियों की भी मेला में तैनाती की गई है। इसके साथ ही जिले की हर ग्राम पंचायत से दो-दो कूड़ेदार भी मेला भेजे जा रहे हैं। कूड़ेदानों की खरीद जिला स्तर पर की गई है। मेला के बाद इन कूड़ेदान को ग्राम पंचायतों में भेज दिया जाएगा।
गैस सिलिंडर लीक होने से बांस मंडी के पंडाल में लगी आग
मेला ककोड़ा में बनी बांस मंडी के एक पंडाल में बुधवार शाम आग लग गई। ककराला निवासी भूरे कश्यप ने बांस मंडी में दुकान लगाई है। यहां भोजन बनाने के लिए दो लीटर का गैस सिलिंडर रखा था। बुधवार शाम गैस सिलिंडर किसी तरह से लीक हो गया और पंडाल में आग लग गई। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि, मेला में पांच फायरब्रिगेड की तैनाती की गई है, लेकिन सूचना दिए जाने के बाद भी फायरब्रिगेड नहीं पहुंची। संवाद
जैथरा की बच्ची गुम, खोया-पाया केंद्र में मिली
बदायूं। मेला ककोड़ा परिवार के साथ पहुंची आठ साल की बच्ची लापता हो गई। बाद में खोया-पाया केंद्र पर वह मिल गई। कासगंज के गांव जैथरा निवासी महेंद्र अपने परिवार के साथ मेला ककोड़ा में कल्पवास के लिए आए हैं। पूरा परिवार यहां पंडाल बनाकर रह रहा है। मंगलवार को शाम के वक्त महेंद्र की आठ साल की बेटी नीता पंडाल से निकल गई। इसके बाद वह लापता हो गई। महेंद्र ने खोया-पाया केंद्र पर सूचना दी। यहां से एनाउंस किया गया इसके बाद नीता परिवार को मिल गई।
पतंग और सब्जियों की दुकानें भी लगीं, महंगाई हावी
बदायूं। मेला में सब्जियों और पतंगों की दुकानें भी लग गई हैं। मेला में इस बार सब्जियों पर महंगाई की मार है। दरअसल, इन दिनों शहर में ही आलू 25 रुपये किलो बिक रहा है। मेला में आलू 35 रुपये किलो है। अन्य सब्जियां भी महंगी हैं। पतंगों की दुकानों के साथ मिट्टी के चूल्हे, परचून की दुकानें भी मेंला में सज गई हैं। यहां खरीदारी भी शुरू हो गई है।