जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी लाइन। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। इन दिनों संक्रामक रोगों का प्रकोप चल रहा है। सीएमएस के जिले से बाहर होने पर जिला अस्पताल का चार्ज जिन डॉक्टर के पास है उनकी कोई सुन नहीं रहा। अस्पताल में व्यवस्थाएं बदहाल हैं, नोडल अधिकारी सीएमओ और जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डीएम का भी इस ओर ध्यान नहीं जा रहा।
मच्छर जनित बीमारियों के लिहाज से बदायूं के सालारपुर, समरेर, दातागंज और जगत ब्लॉक हाईरिस्क एरिया में हैं। जिले में मलेरिया के रोगी रोज मिल रहे हैं। दो रोगी जानलेवा डेंगू के भी मिल चुके हैं। बड़ी संख्या में गांवों में वायरल फीवर का प्रकोप है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोज एक हजार से ज्यादा रोगी पहुंच रहे हैं। दरअसल, सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राज राम हॉकी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने कुरुक्षेत्र गए हैं। इसके चलते डॉक्टर मनमानी कर रहे हैं। ओपीडी में मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार दोपहर के वक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लाइन लगी थीं और ओपीडी में डॉक्टरों के कक्ष खाली थे।
-
बाल रोग विशेषज्ञ को तलाशना भी मुश्किल
मच्छरजनित बीमारियों के सीजन में सबसे ज्यादा बीमार बच्चे और बुजुर्ग हो रहे हैं। जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती तो है लेकिन वह अपने कक्ष में बैठते ही नहीं। मंगलवार को शहवाजपुर मोहल्ले के वीरेंद्र की पत्नी अपनी बच्ची को दवा दिलाने पहुंचीं और डॉक्टर का इंतजार करती रहीं। इसके साथ ही फिजीशियन का कक्ष भी खाली था। इस कारण भी ओपीडी में मरीजों को इंतजार करना पड़ा।
-
मैं अवकाश पर हूं। प्रभार डॉ. कप्तान सिंह पर है। अगर कोई लापरवाही हो रही है तो मैं वापस आने के बाद संबंधितों पर कार्रवाई करूंगा। संबंधितों को कॉल करके व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ले रहा हूं।
- डॉ. विजय बहादुर सिंह, सीमएएस