जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराने को लगी लाइन।संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। एक बार फिर से जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जांच में तेजी आने लगी है। इसके साथ ही टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन की डोज लेने के लिए भी ज्यादा संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। टीकाकरण केंद्रों के साथ कोरोना जांच केंद्रों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस बीच मंगलवार को जिले में 22 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
मंगलवार को जिले में 158 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। यहां 22085 लोगों ने टीका लगवाया। इनमें 2258 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। मंगलवार को जिले को कोविशील्ड वैक्सीन की 84 हजार डोज की सप्लाई मिली है। यह अब तक की सबसे ज्यादा सप्लाई है। जिले में ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने के लिए महाअभियानों का आयोजन भी किया जा रहा है। सोमवार को महाअभियान के दौरान जिले में 63 हजार से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया था। हालांकि, टीकाकरण केंद्रों पर दूसरा टीका लगवाने के लिए कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
एसीएमओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. असलम ने बताया कि टीकाकरण रफ्तार पकड़ रहा है। दूसरी डोज के लिए कम संख्या में लोगों का पहुंचना चिंता का विषय है। दूसरी डोज के लिए जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी के साथ जिला और जिला महिला अस्पताल स्थिति केंद्रों पर अलग से टीमों को भी लगाया गया है।