बदायूं। कोरोना संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। बुधवार को जिले में तीन संक्रमित और मिले हैं। इनमें दो उझानी और एक बिनावर क्षेत्र का है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। एक संक्रमित को हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक का दूसरे जिले में इलाज चल रहा है जबकि बाकी को होम क्वारंटीन किया गया है। इस बीच कोरोना के खतरे के बीच लोगों की लापरवाही सामने आ रही है। दो गज की दूरी और मास्क की उपयोगिता को लोग भूल चुके हैं। कोरोना के दूसरे टीके को लेकर भी लोग लापरवाही कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने जिले में काफी कहर बरपाया था। संक्रमण से 150 से ज्यादा लोगों की दूसरी लहर में जान चली गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में यह आंकड़ा 97 है। दूसरी लहर के दौरान जिले में अब तक 14933 रोगी मिल चुके हैं। विशेषज्ञ आशंका जता चुके हैं कि तीसरी लहर इससे भी ज्यादा खतरनाक होगी। इसके बाद भी लोग कोरोना गाइडलाइन के पालन को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे। बाजारों में भीड़ पर नजर डालें तो इक्का-दुक्का लोग ही मास्क का इस्तेमाल करते दिखते हैं। लगातार संक्रमितों की बढ़ रही संख्या आने वाले समय में खतरे की घंटी है। इसके बाद भी लोगों की लापरवाही सामने आ रही है। सरकार ने कुछ रियायत दी है। इसके बाद बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। चौराहों पर जाम लग रहा है।
स्कूल, कॉलेज खुलने से भी बड़ी भीड़
स्कूल कॉलेज खुलने के बाद भीड़ और बढ़ने लगी है। हालांकि, स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधन को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के सख्त निर्देश हैं। कक्षाओं में सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजर भी अनिवार्य किया गया है। अब छोटे बच्चों का भी स्कूल जाना शुरू हो गया है। हालांकि अभी तीसरी लहर ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन अगर इन हालात में तीसरी लहर दस्तक देती है तो समस्या विकराल होगी।
तीन ऑक्सीजन प्लांट हो चुके हैं चालू
कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर जिले में तीन ऑक्सीजन प्लांट चालू हो चुके हैं। इनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो ऑक्सीजन प्लांट काम कर रहे हैं। इनकी क्षमता 1000-1000 लीटर प्रति मिनट की है। रुदायन सीएचसी और घटपुरी सीएचसी में भी ऑक्सीजन प्लांट ने काम शुरू कर दिया है। इनकी क्षमता 165-165 एलपीएम है। जिला अस्पताल में 1000 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का काम चल रहा है। यह प्लांट भी जल्द चालू हो जाएगा।
- लोगों को लापरवाही से बचना होगा। तीसरी लहर का खतरा बना हुआ है। नए संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। सामाजिक दूरी और मास्क बेहद जरूरी है। स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधन को भी चाहिए कि कतई चूक न हो। कोरोना गाइड लाइन का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। -विक्रम सिंह पुंडीर, सीएमओ