बदायूं। जिले में मलेरिया रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके साथ ही जानलेवा फैल्सीपेरम मलेरिया के रोगियों की संख्या भी बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी जिले में अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान मलेरिया के कुल 19 रोगी मिले हैं। इनमें एक रोगी फैल्सीपेरम मलेरिया का भी है। दो दिन में फैल्सीपेरम मलेरिया के 24 मामले सामने आने के बाद शासन ने भी रिपोर्ट तलब की है। इस बीच संवेदनशील चार ब्लॉक में 25 मोबाइल टीमों को लगाया गया है।
मलेरिया के लिहाज से बदायूं के समरेर, जगत, दातागंज और सालारपुर गांव संवेदनशील श्रेणी में हैं। सबसे ज्यादा गंभीर स्थिति सालारपुर क्षेत्र की है। यहां मंगलवार को 14 और बुधवार को फैल्सीपेरम मलेरिया के नौ मामले सामने आए थे। बुधवार को फैल्सीपेरम मलेरिया का एक मामला बेला गांव में भी मिला था। बृहस्पतिवार को मलेरिया विभाग की टीमों में जिले में अलग-अलग स्थानों पर 1078 लोगों की जांच की। इनमें मलेरिया के 18 और फैल्सीपेरम मलेरिया का एक रोगी मिला। सभी रोगियों को दवाओं का वितरण किया गया है। हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। निगरानी की जा रही है।
शासन स्तर से मलेरिया को लेकर रिपोर्ट मांगे जाने के बाद मलेरिया विभाग ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को भी लार्वा नष्ट करने के साथ गांवों में डीडीटी घोल का छिड़काव किया गया। कई स्थानों पर लार्वा तलाशने के लिए टीमों को लगाया गया है।
मलेरिया के लिहाज से संवेदनशील गांवों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों को चाहिए कि अपने घरों के आस-पास पानी जमा न होने दें। मच्छरदानी का प्रयोग करें। जहां भी रोगी मिल रहे हैं वहां हेल्थ कैंप लगाकर जांच के बाद दवाओं का वितरण किया जा रहा है। मोबाइल टीमों को भी लगाया गया है।- डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर, सीएमओ
फैमिली हेल्थ इंडिया ने भी सक्रियता बढ़ाई
जिले के मलेरिया प्रभावित 100 गांवों में फैमिली हेल्थ इंडिया संस्था ने गोद लिया हुआ है। मलेरिया का सीजन शुरू होने और लगातार मलेरिया रोगी मिलने के बाद फैमिली हेल्थ इंडिया ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। फैमिली हेल्थ इंडिया की ओर से गांवों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है।
सीडीओ ने बीडीओ और मलेरिया विभाग की बैठक ली
जिले में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच बृहस्पतिवार को सीडीओ निशा अनंत ने सभी ब्लॉक के बीडीओ के साथ मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में बैठक की। मलेरिया विभाग ने सीडीओ को चार ब्लॉक के मलेरिया प्रभावित गांवों की सूची उपलब्ध कराने के साथ पिछले वर्ष और इस वर्ष अब तक यहां मलेरिया के मामलों पर रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई। पंचायती राज विभाग को भी जरूरी दिशा निर्देश दिए।