गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं जिले में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के आगमन पर शनिवार को खेड़ा नवादा पर भाजपाइयों ने फूल माला, ढोल-नगाड़े से उनका स्वागत किया। यहां से वह बदायूं क्लब पहुंचे, जहां स्कूली छात्र-छात्राओं ने बैंड और पुष्प आदि से भव्य स्वागत किया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा द्वारा आयोजित 'नमो प्रदर्शनी' का उद्घाटन व अवलोकन किया।
बांके बिहारी लॉ कॉलेज में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। पोस्टर लगाने वाला, चाय बेचने वाला, गरीब का बेटा भी प्रधानमंत्री बन सकता है। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। भाजपा सिद्धांत और मूल्यों की राजनीति करती है। सभी वर्गों में भाजपा की सदस्यता होती है बाकी पार्टियों में जातिवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवाद देखकर सदस्यता की जाती है। दशों दिशाओं में पार्टी अपना काम करती है।
विजय रुपाणी ने कहा कि अयोध्या में राम, नौजवानों को काम, किसानों को सही दाम, महिलाओं का सम्मान यही हमारा मूल मंत्र है। भाजपा राष्ट्र सर्वोपरि के लिए कार्य करती है। बाकी दल वोट बैंक की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत मजबूती के साथ खड़ा है। भारत को विकसित बनाने के लिए मोदी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ने कहा कि लक्ष्मी हमेशा कमल के फूल पर बैठकर आती है, कभी भी पंजा और साइकिल पर बैठकर नहीं आती। इसलिए आप लोग मोदी और भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहे।