बिजली उपकेंद्र का घेराव करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : BADAUN
सहसवान। नगर समेत आस-पास के गांवों में करीब एक महीने से बिजली संकट के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली उपकेंद्र को घेरने के साथ बदायूं-मेरठ हाईवे भी जाम करने की कोशिश की। ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। बिजली आपूर्ति में सुधार के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
सहसवान नगर और आस-पास के कई गांवों में एक महीने से बिजली संकट बना हुआ है। बिजली कटौती के साथ लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है। बिजली सप्लाई ठप रहने और बिजली आने-जाने का कोई शेड्यूल तय न होने से पेयजल संकट भी पैदा हो गया है। फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। बार-बार शिकायत के बाद भी बिजली सप्लाई में सुधार न होने पर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। बक्सर, बडेरिया, पालपुर, हरदतपुर गांवों के सैकड़ों ग्रामीण एकत्र होकर बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र का घेराव कर लिया। ग्रामीणों का गुस्सा देख यहां से कर्मचारी भाग गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने बदायूं-मेरठ हाईवे को नारेबाजी करते हुए जाम करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को हाईवे से हटाया। समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण इस आश्वासन पर शांत हुए कि बिजली सप्लाई में जल्द सुधार होगा। ग्रामीणों ने सुधार न होने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी है। संवाद