बदायूं। विगत 30 मार्च को यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की अंग्रेजी की परीक्षा थी। बलिया में यह प्रश्नपत्र लीक होने की वजह से बदायूं में भी परीक्षा निरस्त कर दी गई। इसके बाद बोर्ड कार्यालय की ओर से 13 अप्रैल को परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिले को अंग्रेजी के नए सीरियल के प्रश्नपत्र मिल गए हैं। अधिकारियों की देखरेख में इनका वितरण किया गया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 98 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। 30 मार्च को इंटरमीडिएट के अंग्रेजी विषय की परीक्षा बलिया में अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद में बदायूं समेत 24 जिलों में निरस्त कर दी गई थी। बाद में परीक्षा केंद्रों पर वितरित प्रश्नपत्रों को वापस जमा कर लिया गया। अब रविवार को बदायूं में अंग्रेजी का नया प्रश्नपत्र बोर्ड कार्यालय की ओर से भेज दिया गया है। वहीं सोमवार को डीआईओएस के निर्देश पर इनका वितरण करा दिया गया। अब 13 अप्रैल को जिले के 98 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी।
------------------
आगामी 13 अप्रैल को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। इसको लेकर नए प्रश्नपत्र आ गए हैं। इनका वितरण केंद्रों पर करा दिया गया है।
-डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस