गहराया खतरा: एक दिन में पांच कोरोना संक्रमित मिले
बदायूं। कोरोना संक्रमण का दायरा फिर से बढ़ने लगा है। रविवार को जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। तीन संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि रविवार को मिले पांच संक्रमितों में शहर के मोहल्ला मुस्तफागंज के अलावा उझानी, अलापुर, सहसवान और जगत के रोगी हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर 1912 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 966 लोगों की एनटीपीसीआर और 946 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई। इनकी रिपोर्ट रविवार को आई है। कुल पांच नए और संक्रमित मिले हैं। तीन संक्रमितों के स्वस्थ होने के बावजूद रविवार को जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 11 हो गई है। सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आने वाले उनके परिवार के लोगों के अलावा 22 अन्य लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। सभी संक्रमितों की हालत सामान्य है। सभी को घरों में ही होम क्वारंटीन कर दिया गया है। संवाद