अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे इस्लामनगर-बिसौली और बदायूं-कादरचौक रोड पर बुधवार रात हुए। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
कादरचौक थाने के गांव डब्बू नगला मजरा अल्हापुर निवासी अखिलेश (35) पुत्र तेजपाल बुधवार रात बदायूं से वापस अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में इस्माइलपुर के पास उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में अखिलेश की मौत हो गई। अखिलेश की तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। वह परिवार में अकेले थे। परिवार में घटना के बाद कोहराम है।
दूसरा सड़क हादसा इस्लामनगर-बिसौली रोड पर हुआ। इस्लामनगर के गांव भुसाया निवासी दुर्वेश (45) पुत्र नंदकिशोर बुधवार को बाइक से बिसौली गए थे। यहां से वह वापस गांव आ रहे थे। रास्ते में बिसौली-भुसाया के बीच उनकी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में दुर्वेश की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मय ट्रैक्टर-ट्रॉली के मौके से भागने में सफल हो गया।