उसहैत, उसावां, सहसवान और मुजरिया में हुए अग्निकांड
जिले में अलग-अलग चार अग्निकांडों में 30 घर जलकर राख हो गए। उसहैत में आग की चपेट में आने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई तो और दो लोग बुरी तरह झुलस गए। तीन मवेशियों की भी जलने से मौत हो गई और चार झुलस गए। आग लगने की घटनाएं उसहैत, उसावां, दातागंज और मुजरिया इलाकों में हुईं।
उसहैत। थाना क्षेत्र के गांव कमलइयापुर में सगे भाइयों रामवरन, अमरपाल, सर्वेश और राकेश की झोपड़ियां पास-पास ही हैं। शनिवार दोपहर रामवरन की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं की वजह से देखते ही देखते आग ने अमरपाल, सर्वेश और राकेश के घरों को भी अपने आगोश में ले लिया। जब तक आग पर काबू पाया गया लाखों रुपये का सामान राख हो गया। इस दौरान रामवरन के तीन वर्षीय बेटे डालचंद्र की भी जलकर मौत हो गई तो सर्वेश का चार वर्षीय बेटा रामगोपाल झुलस गया। दो बकरियों की भी जलकर मौत हो गई तो एक बैल और एक भैंस झुलस गई। फायर बिग्रेड ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। जिला अस्पताल में भर्ती सर्वेश के बेटे रामगोपाल की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
उसावां/अलापुर। उसावां थाने के गांव बौरा गौंतरा में हुए अग्निकांड में 14 घर जलकर राख हो गए। एक महिला भी आग की चपेट में आने से झुलस गई। गांव के लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। शनिवार दोपहर बौरा गौंतरा के कल्लू के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गांव के संतराम, भीमसेन, मोर सिंह, रक्षपाल, जयवीर, श्रीपाल, महेंद्र, कतके, दुर्गपाल, विजेंद्र, गूंगालाल, भूरे, अविनाश के घरों को भी चपेट में ले लिया। सभी के घरों में घरेलू सामान, कपड़े, नकदी, अनाज आदि राख हो गया। आग से करीब 15 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है। आग में रक्षपाल की 63 वर्षीय पत्नी सदावती भी झुलस गई। एसडीएम दातागंज रणविजय सिंह ने मौके पर पहुंच कर राजस्व टीम के साथ क्षति का आकलन किया है।
सहसवान। तहसील क्षेत्र के गांव रसूलपुर बेला में शनिवार दोपहर अचानक भीर सिंह के घर में आग लग गई। तेज हवाओं की वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पान सिंह, प्यारे, मेघसिंह, वीर सहाय, मोहनलाल, सोमवीर, संजीव, कुवंरपाल और देवेंद्र के घरों को भी अपने आगोश में ले लिया। अग्निकांड में लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। खबर मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर आग से हुई क्षति का आकलन किया।
मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव सगराय में हुए अग्निकांड में दो घर राख हो गए। गांव के शंकर के घर में शनिवार को आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक आग ने पड़ोसी जितेंद्र के घर को भी चपेट में ले लिया। दोनों घरों में करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है। दो भैंस भी आग से झुलस गई हैं। सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है।