पड़ोस की लड़की को बाइक पर अपरिचित युवक के साथ बैठा देख मोहल्ले वालों का शक उस वक्त गुस्सा बनकर फूट पड़ा जब कहासुनी हुई। प्रेमी युगल के साथ दो बाइक पर अन्य युवक भी थे। भीड़ ने एक युवक को दबोच कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके साथी मौका पाकर रफूचक्कर हो गए।
मामला शुक्रवार रात करीब 10 बजे का है। नगर के एक मोहल्ले की व्यक्ति की पुत्री घर से दोपहर में रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। अपराह्न में लड़की के पिता ने कोतवाली जाकर पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। यह बात पड़ोसियों को भी पता लगा गई। देर रात लड़की को बाइक सवार युवक के साथ मोहल्ले के लोगों ने देखा। उन्होंने दोनों से पूछताछ की। शक होने पर लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की। उसके साथी मौका पाकर भाग गए।
मारपीट और हंगामा के बाद लड़की के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी युवक पर हाथ साफ कर लिए। बाइक समेत उसे दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक ने खुद को बदायूं में कबूलपुरा निवासी अमर पुत्र वाजिद बताया। पुलिस ने लड़की से भी युवक के बारे में जानकारी हासिल की। मामला प्रेम प्रसंग का सामने आने पर पुलिस ने शनिवार को अमर का शांति भंग करने में चालान कर दिया है।