रोड-होल्डअप के खुलासे
के लिए कई टीमें बनाईं
एसपी देहात ने पहुंचकर ली जानकारी, संदिग्ध लोगों से नहीं मिला बदमाशों का क्लू
अमर उजाला ब्यूूरो
वजीरगंज (बदायूं)।
चार दिन पहले वजीरगंज-आंवला मार्ग पर तड़के दिल्ली से आई निजी डग्गामार बस में सवार यात्रियों और परिचालक से हुई लाखों की लूट के खुलासे को पुलिस जुटी हुई है। सोमवार को एसपी देहात डॉ.सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ बिल्सी और सीओ बिसौली भी यहां पहुंचे। हालांकि पुलिस ने घटना के खुलासे को क्षेत्र के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है मगर उनसे अभी तक बदमाशों के बारे में कोई क्लू हाथ नहीं आया है।
जिस दिन वजीरगंज-आंवला मार्ग पर रोड-होल्डअप की घटना हुई थी। उसी रात को थाना बिसौली क्षेत्र के गांव परसिया और पृथ्वीपुर के चार घरों से बदमाशों ने जमकर लूटपाट की थी। रोड-होल्डअप के खुलासे को एसएसपी अशोक कुमार ने थाना पुलिस के साथ ही एसओजी को भी लगाया है। सोमवार को एसपी देहात डॉ.सुरेंद्र प्रताप सिंह ने सीओ बिल्सी इरफान नासिर खां और सीओ बिसौली मुन्ना लाल के साथ मीटिंग कर घटनाओं के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए। जो भी संदिग्ध हैं उन्हें खोजा जाए। उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
इधर, बस लूटकांड का खुलासा नहीं होने से क्षेत्र की जनता में आज भी दहशत का माहौल है। काबिले गौर हो कि वजीरगंज-आंवला मार्ग पर अब मेला भी शुरू हो रहा है। इसके कुछ दूर ही बदमाशों ने झावर की पुलिया के पास घटना को अंजाम दिया था।