दातागंज (बदायूं)। बुधवार रात हजरतपुर में एक हार्डवेयर की दुकान से ढाई लाख रुपये और दो मोबाइल की चोरी हो गए। दुकानदार शिवम गुप्ता ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
हजरतपुर निवासी शिवम गुप्ता पुत्र श्रीकृष्ण गुप्ता की हजरतपुर में ही हार्डवेयर की दुकान है। बुधवार रात वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह वह दुकान पहुंचे। उन्होंने दुकान का शटर खोला और अंदर पहुंचे तो दुकान में सारा सामान बिखरा पड़ा था। उनकी गुल्लक में रखे ढाई लाख रुपये और दो मोबाइल गायब थे। उन्होंने बताया कि वह बृहस्पतिवार को खरीदारी करने शहर जाने वाले थे। दुकान के बराबर में कुछ थ्रेशर खड़े हैं। चोर थ्रेशर पर चढ़कर उनकी दुकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचे। फिर उन्होंने सीढ़ियों का ताला तोड़ लिया और दुकान के अंदर घुस आए। उन्होंने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। संवाद