दातागंज (बदायूं)। बृहस्पतिवार सुबह दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नौनी टिकन्ना में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करंट लगने दो बैलों की मौत हो गई तो एक किसान बाल-बाल बच गया। किसान बैलों को लेकर खेत की जुताई करने जा रहा था। किसान ने बिजली विभाग के संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नौनी टिकन्ना निवासी राजपाल खेतीबाड़ी करते हैं। वह बृहस्पतिवार सुबह अपने बैलों लेकर खेत की जुताई करने जा रहे थे। रास्ते में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटा पड़ा था। उस दौरान लाइन में करंट आ रहा था। ऐसे में राजपाल के बैल तार की चपेट में आ गए औरकरंट लगने से जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे। यह देखकर राजपाल किसी तरह जान बचाई। इधर, कुछ ही देर में उसके दोनों बैलों की मौत हो गई। सूचना पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान लालू ने बताया कि जिस लाइन की चपेट में आने से किसान के बैलों की मौत हुई है, उसमें करीब एक साल से सप्लाई नहीं आ रही थी। किसानों के ट्यूबवेल दूसरी लाइन से चल रहे थे लेकिन इस लाइन में कैसे करंट आ गया, ये समझ नहीं आ रहा। उनका अनुमान है कि शायद किसी ने लाइन जोड़ी है या फिर यह लाइन किसी चालू बिजली लाइन से छू गई। उन्होंने और किसान राजपाल ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है। राजपाल ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही का मामला है। इससे उनको काफी नुकसान हुआ है। संवाद