लूट का शिकार अब्दुल बासिद अंसारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। कासगंज जिले में दवाओं की बुकिंग और भुगतान लेकर लौट रहे एमआर से बदमाशों ने नकदी और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
घटना बुधवार रात हुई। अयोध्यागंज मोहल्ला निवासी अब्दुल वासिद अंसारी एक दवा कंपनी में एमआर हैं। उन्होंने शाम को कासगंज जिले के सोरों कस्बे में मेडिकल स्टोरों से दवाओं की बुकिंग की। बाइक से घर लौटते वक्त कछला और दहेमू पुलिया के बीच उन्हें एक बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बकौल वासिद- दोनों ने उनकी कनपटी पर तमंचा रख दिया। इसके बाद उनसे करीब 10 हजार रुपये, बैग और मोबाइल लूट ले गए।
घटना को अंजाम देकर भागे बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी भी निकाल ली लेकिन बाद में मौके पर ही फेंक दिया। इसके बाद कछला चौकी पर पहुंचे वासिद ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। देररात ही उसने चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह को तहरीर भी सौंप दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि घटना की सूचना के बाद वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर गए और जांच की। पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। संवाद