उझानी (बदायूं)। बिल्सी के सराफ से ठगी गईं सोने की चेन फिरोजाबाद के सिरसागंज में एक सराफ को बेची गई थीं। पुलिस ने आरोपी सराफ को गिरफ्तार करने के साथ चेन बरामद कर लीं। बुधवार को दोनों जेल भेज दिए गए।
तीन दिन पहले कछला रोड मार्केट में पकड़े गए ठग फरोजाबाद के सिरसागंज निवासी सतीश ने सात अगस्त को बिल्सी के सराफ रामप्रकाश वार्ष्णेय से सोने की चार चेन ठग ली थीं। उसने ठगी गई चेन सिरसागंज के सराफ आमोद कुमार को बेची थीं। आरोपी सतीश से पूछताछ के बाद पुलिस ने सिरसागंज जाकर सराफ आमोद को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास ठग सतीश द्वारा बेची गई एक चेन बरामद हो गई। हालांकि सराफ का कहना है कि उसने चेन की पूरी रकम दे थी। पुलिस ने लिखा पढ़ी के बाद सतीश व सराफ आमोद को जेल भेज दिया।
पूछताछ के दौरान सतीश ने बताया कि वह उझानी के एक राजमिस्त्री के बुलाने पर यहां ठगी करने आया था। मगर घटना को अंजाम देने से पहले ही वह पकड़ लिया गया। उसने पुलिस को राजमिस्त्री का नाम भी बता दिया है। बताते हैं कि सतीश ने उझानी में नया बाजार मार्केट के एक सराफ को ठगने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह चाहर के अनुसार आरोपी सतीश व सराफ आमोद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फैक्टरी से लोहा चोरी करने के आरोप में एक गया जेल
उझानी। पांच दिन पहले वितरोई की विमको फैक्टरी में लोहा चोरी के आरोप में पुलिस ने एक एक आरोपी फकीराबाद निवासी मंगलीराम को जेल भेज दिया। जबकि फैक्टरी के चौकीदार पप्पू सिंह ने मंगली समेत चार लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह चाहर ने बताया कि मंगली के खिलाफ चौकीदार ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने नहीं आई है। इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया है। संवाद
बैंक में ठगी करने वाले युवकों की तलाश शुरू
उझानी। गांव लऊआ निवासी आशा कार्यकत्री राजवती को मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक में दो युवक मिले, जिन्होंने खुद को कर्मचारी बताकर 31 हजार पांच सौ रुपयों ठग लिए थे। बुधवार को पुलिस ने बैंक जाकर सीसीटीवी फुटेज निकलवा लिए। फुटेज में जो दो युवक महिला से रुपये लेकर बाहर निकले थे, उनकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। हालांकि दोनों के चेहरे पूरी तरह साफ नजर नहीं आ रहे हैं। संवाद