बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में आत्महत्या करने वाली बीए की छात्रा ने अपने प्रेमी के सामने ही जहर खाया था। यह देखकर परिवारवालों ने प्रेमी को पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाई। उससे बोले कि अगर छात्रा को कुछ हो गया तो वह उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराएंगे लेकिन अब छात्रा की मौत के बाद परिवारवालों ने तहरीर तक नहीं दी है।
मंगलवार को थाना क्षेत्र के एक गांव में बीए की छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी थी। बताया गया कि छात्रा का बिसौली रोड के एक गांव निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को छात्रा ने प्रेमी को फोन करके घर बुलाया था। उसके साथ एक और युवक पहुंचा था। प्रेमी के सामने ही छात्रा ने जहर खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। जब परिवार वाले खेत से लौटे तो उन्होंने बेटी के प्रेमी युवक को घर में देखा। उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
परिवारवालों ने ये भी कहा कि अगर उनकी बेटी को कुछ हो गया तो वह उसे नहीं छोड़ेंगे। उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराएंगे। इससे युवक डर गया और उन्हें इलाज कराने का आश्वासन देकर छात्रा को गुलड़िया के एक डॉक्टर के पास ले गया। तब तक उसकी हालत ज्यादा बिगड़ चुकी थी। डॉक्टर ने मना कर दिया तो युवक शहर के एक निजी डॉक्टर के पास ले गया। यहां भी मना होने पर वह उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गया, जहां छात्रा की मौत हो गई।
छात्रा के परिवार वाले बदनामी से डर रहे थे। इसलिए उन्होंने युवक के खिलाफ तहरीर नहीं दी। यह भी कहा कि वह पोस्टमार्टम या कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने भविष्य में विवाद की संभावना देखकर बुधवार सुबह छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। उसके बाद परिवारवाले शव को गांव ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
-
गांव से लापता हुआ प्रेमी
छात्रा का प्रेमी गांव से लापता हो गया है। वह मंगलवार को घर से निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा है। इससे उसके परिवारवाले भी चिंतित हैं। हालांकि उन्होंने इसके बारे में पुलिस को नहीं बताया है और न ही कोई तहरीर दी है।
--
छात्रा के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया है, परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
-प्रवीण सिंह चौहान, एसपी सिटी