डीपॉल स्कूल में पहले मतदान करने के चक्कर में लगी भीड़, सामाजिक दूरी का पालन नहीं, कई लोगों के चेहरो
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कोरोना काल में जहां अधिकारी लगातार मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील करते नजर आ रहे हैं। वहीं डीपॉल स्कूल में प्रशिक्षण लेने पहुंच रहे अधिकारी, कर्मचारी वोटिंग के दौरान कोविड नियमों का पालन करते नजर नहीं आ रहे। सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा तो अधिकतर मास्क लगाए नजर नहीं आ रहे।
जिले में 14 फरवरी को मतदान होना है। इसे निष्पक्ष कराने के लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही कोविड के नियमों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इसकी मुख्य वजह यह है कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सैकड़ों कार्मिक पॉजिटिव हुए थे। कई लोगों की मौत भी हो गई थी।
डीपॉल स्कूल में चार फरवरी से कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिन कार्मिकों की ड्यूटी लगी है वे कॉलेज में बने मतदान बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग भी कर रहे हैं। यह और बात है कि मतदान के दौरान कार्मिक कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे। स्थिति ये है कि पहले मतदान करने के चक्कर में कोई भी कार्मिक सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहा और न वोट डालने के दौरान हाथों को सैनिटाइज कर रहा है। यहां तक मुंह पर मास्क तक से परहेज किया जा रहा है।
---
अब तक 3548 कार्मिकों ने किया मतदान
बदायूं। विधानसभा चुनाव के लिए डीपॉल स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 414 कार्मिक मतदाताओं ने मंगलवार को पोस्टल बैलेट से मतदान किया। अब तक कुल 3548 कार्मिक मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान कर चुके हैं। बचे हुए कार्मिक मतदाता बुधवार को मतदान करेंगे। संवाद
----
सभी को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। सरकारी कर्मचारियों के लिए तो नियम पालन पर और ज्यादा ध्यान देना चाहिए ताकि कोई टोक न सके। जरूरी है कार्मिक इस संबंध में सावधानी रखें। मास्क लगाएं और कोविड नियमों का पालन भी करें।
- ऋषिराज, प्रभारी अधिकारी कार्मिक